बच्चों एवं महिलाओं के साथ अधिक अत्याचार : जैन
सोनीपत इंडिया की दहाड़ (आदेश त्यागी ) मानव अधिकार संरक्षण संघ के तत्वावधान में प्रताप स्कूल खरखौदा में विश्व मानव अधिकार संरक्षण दिवस को सम्मान समारोह के रूप में मनाया गया। कैबिनेट मंत्री श्रीमती कविता जैन समारोह की मुख्य अतिथि रही। समारोह में पहुंचने पर मानव अधिकार संरक्षण संघ के अध्यक्ष जयवीर गहलावत व प्राचार्य धर्मप्रकाश आर्य ने बुकें भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मानव अधिकार संरक्षण संघ के अध्यक्ष जयवीर गहलावत ने बताया कि मानव अधिकार एक ऐसा विषय है जो सभी सामाजिक विषयों में सबसे गंभीर विषय है। उन्होंने बताया कि मानव अधिकारों और मूल अधिकारों में ठीक वैसा ही संबंध है जो शरीर और आत्मा का है। मानव अधिकारों का लक्ष्य प्रत्येक व्यक्ति को समाज में सभी के साथ सहजता और खुशी के साथ जीवन व्यतीत करने लायक बनाना है। मुख्य अतिथि कविता जैन ने इस अवसर पर मानव अधिकार संरक्षण संघ में कार्य करने वालों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि मनुष्य को अपनी जरूरतें जैसे खाना, चिकित्सा, शिक्षा, मान-सम्मान, जीने के अधिकार आदि के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। संविधान में कानून का उल्लंघन करने वालों को सजा देने का प्रावधान है फिर भी बच्चों एवं महिलाओं के साथ अधिक अत्याचार हो रहे हैं। कहीं कहीं तो बच्चे सडक़ो पर भटकते, भीख मांगते नजर आते हैं। जबकि इनकी सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा बाल संरक्षण गृह बनाए गए हैं। मुख्य अतिथि कविता जैन ने मानव अधिकार संरक्षण संघ के कार्यों से उत्साहित होकर संघ को दो लाख रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में देने की घोषणा की। कैबिनेट मंत्री ने मानव अधिकार संरक्षण संघ में काम करने वाले अनेक विभूतियों को प्रशंसा-पत्र देकर उनको सम्मानित किया। इस अवसर पर सुखप्रीत मुख्य न्यायिक अधिकारी व सतीश देशवाल ने मानव अधिकार मंच पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर श्रीभगवान मैडिकल ऑफिसर, उत्तम कुमार, डा. सुभाष सिसौदिया, राजेन्द्र बंसल, जयकिशन छिल्लर जेल अधीक्षक जिला कारागार, वेदपाल अहलावत, कर्नल सूरजभान, अनिल शर्मा आदि महानुभाव उपस्थित थे।