बाइक सवारों को ट्रक ने रौंदा, मामा-भांजा की मौत
सोनीपत राई थानाक्षेत्र में गांव झुंडपुर के पास एक बाइक को तेज गति से जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो युवक व एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर दोनों युवकों की मौत हो गई। चिकित्सकों ने गंभीर हालत में महिला को पीजीआइ रेफर कर दिया है। दोनों मृतक एक ही कंपनी में कार्यरत थे और रिश्ते में मामा-भांजा है। घायल महिला भांजे की पत्नी है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
अहमदपुर गांव निवासी पवन कुमार ने बताया कि जगदीशपुर टांडा गांव में उसकी ससुराल है। उसका साला रवि (28) शुक्रवार को बाइक से अहमदपुर आया था। शाम को वह बाइक से वापस अपने गांव जगदीशपुर टांडा जा रहा था। उसके साथ भांजा विक्की (25) व विक्की की पत्नी इंदू उर्फ पूजा भी थी। झुंडपुर गांव के पास इनकी बाइक को एक तीव्र गति से जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इनको सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान रवि व विक्की की मौत हो गई। गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने पूजा को पीजीआइ रेफर कर दिया, लेकिन परिजनों ने उसे एक निजी अस्पातल में भर्ती कराया है।
परिजनों ने बताया कि रवि की डेढ़ साल पहले व विक्की की एक साल पहले शादी हुई थी। दोनों युवक एक कंपनी में काम करते थे। जांच की जा रही अज्ञात ट्रक के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मृतक मामा-भांजा के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। घायल महिला की हालत गंभीर है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रक की रफ्तार ज्यादा होने के चलते हादसा होना बताया गया है।- रवि कुमार, थाना प्रभारी, राई।