26/11: जम्मू कश्मीर में लगाए गए पोस्टर्स, आतंकवाद के खिलाफ होने की कही बात
26 नवंबर, 2020 (इंडिया की दहाड़ ब्यूरो) मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले को आज 12 साल हो गए है। देश में कई जगहों पर 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमलों में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई है। आपको बता दें कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते आतंकी भारतीय सीमा में घुस आए थे और उन्होंने मुंबई में दहशत फैला दी थी। वहीं अब पाकिस्तान को कश्मीर से कड़ा संदेश दिया गया है। जम्मू कश्मीर में पोस्टर्स लगाए गए हैं और आतंकवाद के खिलाफ होने की बात कही गई है। वहीं अब जम्मू कश्मीर से 26/11 मुंबई आतंकी हमले की 12वीं बरसी पर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया गया है।
दरअसल, जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में मुंबई हमले की 12वीं बरसी के मौके पर पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टर्स के जरिए आतंकवाद के खिलाफ होने की बात कही गई है। जम्मू कश्मीर में लगाए गए इन पोस्टर्स के माध्यम से पाकिस्तान की ओर से स्पॉन्सर्ड आतंकवाद को करारा जवाब देने की कोशिश की गई है। पोस्टर्स में साफ तौर पर ये जाहिर किया गया है कि आतंकवाद के खिलाफ हम सभी एकजुट हैं। हालांकि ये पोस्टर्स किसने लगाए हैं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है।
बता दें कि जम्मू कश्मीर में अक्सर आतंकी हमले सामने आते हैं। वहीं सुरक्षाबलों के जरिए जम्मू कश्मीर में आतंकियों को पकड़ने के लिए कई अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इस बीच आतंकवाद के खिलाफ जम्मू कश्मीर के इलाकों में इस तरह के पोस्टर्स लगाए जाना, अपने आप में आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता को दर्शाता है। बता दें कि 26/11 आतंकी हमलों में करीब 180 लोगों की जान चली गई थी।