अपनी लंबित मांगों को लेकर निगम कर्मचारी पेन के साथ करेंगें टूल डाउन, आज और कल रहेंगी हड़ताल !!
पानीपत में अपनी लंबित मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारी सरकार के खिलाफ लामबंद हो चुके हैँ। बता दें कि इसी के चलते कर्मचारियों ने वीरवार और शुक्रवार को हड़ताल करने का फैसला लिया है। वहीं, इस हड़ताल में निगम के सफाई कर्मचारियों से लेकर इंजीनियरिंग और प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के कर्मचारी तक शामिल रहेंगे। इसके साथ ही हड़ताल में पैन के साथ टूल भी डाउन रखा जाएगा।
यानी निगम में न तो कोई कागजी कार्रवाई होगी और न ही किसी प्रकार की अन्य कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि ये हड़ताल तो दो दिन की ही रहेगी लेकिन इससे काम चार दिन का प्रभावित होगा। शनिवार और रविवार को छुट्टी होने की वजह से अब शहर के लोग सोमवार को ही निगम कार्यालय में आकर अपना काम करवा सकेंगे।
प्रदेश स्तर पर होगी हड़ताल: मांगेराम तिगरा
बता दें कि बीते सोमवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ के महासचिव मांगेराम तिगरा दो दिवसीय हड़ताल की सरकार को चेतावनी दे चुके हैं। वहीं, उन्होंने बताया कि ये हड़ताल प्रदेश स्तर पर होगी। उन्होंने अपनी मांगों में मुख्य रूप से छंटनी ग्रस्त कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लेने, 29 अक्टूबर 2022 में 5 अप्रैल 2023 के समझौता को लागू करवाने, नो वर्क नो पे कानून के खिलाफ तथा 24 सूत्रीय मांग पत्र के समाधान को शामिल किया था
जल सेवा और अग्नि शमन सेवाओं को सुचारू रूप से रखा जाएगा चालू: राजेंद्र सानंद
राज्य के फायर प्रधान राजेंद्र सानंद ने कहा कि जनहित में जल सेवा और अग्नि शमन सेवाओं को सुचारू रूप से चालू रखा जाएगा। हालांकि, इनके कर्मचारी हड़ताल के दौरान किए जाने वाले प्रदर्शनों में शामिल रहेंगे। इस दो दिवसीय हड़ताल में अन्य सभी नगर निगम, पालिका तथा परिषद के सफाई कर्मचारी, सीवरमैन व तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी भाग लेंगे !!