दिल्ली

शराब पीने के दौरान मामूली विवाद में एक युवक के सिर में गोली मार दी

दिल्ली, नंदनगरी इलाके में शराब पीने के दौरान मामूली विवाद में एक युवक के सिर में गोली मार दी गई। परिजनों ने गंभीर हालत में युवक को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान रविवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त सन्नी उर्फ विशाल (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सन्नी के तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान विशाल उर्फ भोपू (23), गौरव (22) और जय (21) के रूप में हुई है।

यह है मामला
भोपू और जय सगे भाई हैं। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सन्नी लूटपाट के लिए गिरोह बनाना चाहता था। उसने एक कट्टा भी खरीदा था। कट्टा उसने भोपू को दे रखा था। रात में तीनों से सन्नी का झगड़ा हो गया। इस दौरान भोपू ने उसी कट्टे से गोली मार दी।

सन्नी परिवार के साथ बी-1, नंद नगरी में रहता था। वह शादियों व अन्य कार्यक्रम में ढोल बजाने का काम करता था। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी पड़ोस में रहते हैं और कपड़े की फैक्ट्री में काम करते हैं।

तीन दिन पूर्व किसी बात पर सन्नी और भोपू की कहासुनी हो गई थी। सन्नी ने भोपू के साथ गाली-गलौच कर दी। उस दिन बाकी दोस्तों ने दोनों को शांत करा दिया था। शनिवार रात सन्नी खाना खाने के बाद घर से बाहर निकला था। रास्ते में तीनों आरोपित मिल गए। सभी ने एक जगह बैठकर शराब पी।

वहां पर उनके बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि भोपू ने पीछे से सन्नी पर गोली चला दी। गोली उसके सिर में लगकर आंख से निकल गई। खबर मिलते ही सन्नी का भाई पंकज उसे जीटीबी अस्पताल ले गया, जहां तड़के 4:00 बजे उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चंद घंटे में पुलिस ने तीन आरोपितों को दबोचा लिया। पुलिस उपायुक्त अतुल ठाकुर ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रात में ही नंदनगरी एसीपी सुबोध कुमार गोस्वामी की देखरेख एसआइ अखिल, एएसआइ गविंदर, हेड कांस्टेबल दीपक, राजदीप, अनिल और कांस्टेबल संजीव की टीम गठित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *